
जापान में मेरा अनुभव
रूपा सिंह, जापान
मैंने जापान आने के बाद देखा कि दुनिया में ऐसा समाज भी होता है जहाँ किसी को भी किसी का कैसा भी होना कोई मायने नहीं रखता है। यहाँ पर कोई यह नहीं देखता कि किसने क्या पहना है, कहाँ जा रहा है, क्या कर रहा है? किसी को भी इस दुनियादारी से कोई मतलब नहीं है। यहाँ के लोग इंसान को इंसान समझते हैं।
मेरा जापान का अनुभव बहुत ही सुखमय है। यहाँ जब भी बाहर निकलती हूँ तो मुझे निकलने में कोई डर नहीं लगता। यह इतना अच्छा समाज है कि कोई पुरुष किसी महिला की तरफ देखेगा नहीं कि यह कौन है? किस देश से आई है? यह तो जापान की नहीं लगती! ऐसा अनुभव अभी तक तो मेरा जापान में नहीं हुआ है। आप रात 12 बजे भी घर आराम से आ सकती हैं। बिना किसी डर के साथ। जापान में मैंने एक बात और भी नोटिस की जो कि मेरे दिल को छू गई। यहाँ पर सफाई इतनी ज्यादा है कि हम लोग अगर सड़क पर भी बैठ जाएँ और उठने के बाद देखें तो हमारे कपड़े उतने की साफ मिलेंगे जितना बैठने से पहले थे।
एक बार की बात है हमारे घर के सामने एक कूड़ाघर है। जहाँ पर कुछ कौओं ने कूड़ा फैला दिया था और कूड़ा पूरे रोड में फैला था। थोड़ी देर बाद देखा कि एक जापानी महिला उस कूड़े को साफ करने में लगी है। और देखते ही देखते वहाँ कई जापानी महिलाएँ और पुरुष आ गए और सारे कूड़े को साफ कर दिया।
यहाँ पर कूड़ा फेंकने का भी सिस्टम बिलकुल अलग है। सप्ताह में दो दिन होते हैं जिस दिन आप कूड़ा फेंक सकते हैं। उससे पहले कूड़ा आप अपने घर पर ही रखिए।

जापान में बहुत सी ऐसी बातें हैं जो मुझे बहुत पसंद हैं।
- जैसे सड़क पार करना—जापान में सड़क पार करना इतना सुरक्षित है कि छोटा बच्चा भी अकेले सड़क पार कर सकता है।
- जगह-जगह पार्क—जापान में मुझे पार्क का व्यवस्था भी बहुत अच्छी लगती है। यहाँ हर घर से कुछ ही दूर 3-4 पार्क मिल जाएँगे और पार्क में बच्चों के लिए झूले और एक-दो सरक-नसैनी की व्यवस्था भी जरूर होंगी। इसके अलावा महिला और पुरुष के लिए साफ शौचालय और पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था भी होगी।
- स्कूल—जापान में घरों के आस-पास ही स्कूल मिलेगा और जापान में मैंने देखा कि यहाँ पर अधिकतर बच्चे सरकारी स्कूलों में ही जाते हैं। और पैसे बहुत कम लगते हैं। शुरुआत में नौवीं तक अच्छी और मुफ़्त शिक्षा सबको मिलती है। यहाँ पर प्राइवेट स्कूल का चलन बहुत कम है। यहाँ भी शिक्षा व्यवस्था भी मुझे बहुत पसंद आई।
- अस्पताल—घर के पास ही आपको अस्पताल मिल जाएँगे। छोटे-छोटे उन्नत क्लिनिक तो अनगिनत हैं। घर के पास ही आपको हर तरह की बीमारी के डॉक्टर उपलब्ध हैं।
- यातायात के साधन—जापान में यातायात के साधन भी बहुत ही सुविधाजनक हैं। यदि 11 बजे बस आने का समय है तो 11 बजे ही बस आएगी। हर जगह जाने के लिए बसें और ट्रेनें उपलब्ध हैं।
जापान का समाज मुझे बहुत पसंद आया। यहाँ पर लोग एक दूसरे की बहुत इज्जत करते हैं। एक दूसरे के प्रति लोगों में सम्मान है। जापान में कुछ ऐसे भी लोग हैं अगर उनसे किसी ने कुछ मदद माँग ली तो वे उसकी मदद जरूर करेंगे चाहे वे खुद अपने ऑफिस पहुँचने वाली ट्रेन को छोड़ दें पर अगर कोई विदेशी मदद माँग रहा है तो उसकी मदद जरूर करेंगे।