जन्मदिन विशेष कहानी : “फादर ऑन हायर” – अलका सिन्हा

मयंक बेहद परेशान था। कल क्या होगा? वह क्या करे? उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था। कॉरिडोर की अंतिम सीढ़ी पर बाजुओं में सिर छिपाए बैठा वह लगातार इसी के बारे में सोच रहा था।
“हे मैकी! तू यहाँ क्या कर रहा है?” ऐरिक ने मयंक को झकझोर दिया, “क्लास में चल, क्या मस्ती पीट रहे हैं सब रोहित के साथ।”
यह एक पब्लिक स्कूल था और यहाँ हिंदी में बोलने पर फ़ाइन देना पड़ता था, फिर भी बच्चे बाज़ कहाँ आते थे। बड़े-बड़े रईसों के बेटे, फ़ाइन देना कौन-सी बड़ी बात थी। बल्कि फ़ाइन देने के बाद शाम को दोस्तों को आइसक्रीम की ट्रीट भी देते। कहते, “फ़ाइन ही देना पड़ा न, पर वे मुझे मेरी मातृभाषा, आई मीन मदर टंग से जुदा तो नहीं कर पाए न!” और उपहास का ठहाका गूँज जाता।
स्कूल की मस्ती का तो क्या कहना! इसीलिए लाख बंदिशों के बावजूद स्कूल में बिताए दिन बेहद खास होते हैं।
“देख मैकी, हमने ये ‘स्पिट बॉक्स’ बनाया है… रोहित के फादर के लिए स्पेशल गिफ्ट।” ऐरिक मयंक को क्लासरूम में ले आया था।
कॉपी के गत्ते को काटकर एक चौकोर डिब्बा बनाया गया था, जिसके ऊपर गोल छेद था। स्टेला उस पर गोल्डन पेपर चिपका रही थी, “यू नो, कल जब रोहित के पापा आएँगे तो प्रखर इसे उनके पीछे-पीछे लिए चलेगा, ऐसे…” और ऐरिक ने अभिनय प्रारंभ किया। कुछ सहमा-सहमा, दाएँ-बाएँ देखता हुआ दो कदम चला, फिर रुककर दाएँ हाथ के अंगूठे से बाईं हथेली को रगड़ा, दो-तीन बार चार उँगलियों से थपथपाया, फिर हथेली पर चुटकी ली और बहुत सँभालकर निचले होंठ के बाहर की तरफ दबा ली। दाएँ-बाएँ देखकर जैसे ही उसने दीवार की ओर मुँह फेरा कि प्रखर ने गोल्डन बॉक्स आगे कर दिया।
“फच्च!” प्रखर ने आवाज़ की और क्लास में ज़ोर का ठहाका गूँज गया।
पिछली बार जब रोहित के पापा पेरेंट्स-टीचर्स मीटिंग में आए थे, तब उन्होंने स्कूल की दीवारों पर जहाँ-तहाँ अपने स्मृति-चिह्न छोड़ दिए थे। दोस्तों ने खूब मज़ाक बनाया था। स्टेला तो एक मोटा लेंस लेकर पूरे कॉरिडोर में ऐसे घूमती फिरी थी, जैसे वह किसी खूनी के फिंगरप्रिंट्स तलाश रही हो। बहुत दिनों तक ‘रोहित्स फादर’ का टॉपिक उनका सामूहिक मनोरंजन करता रहा था। काफी दिनों के बाद यह टॉपिक आज फिर से गरमाया था और सभी साथी बिल्कुल नएपन से उसका स्वाद ले रहे थे।
वैसे चाहे क्लास में कितने ही ग्रुप बने हों, पर ऐसे किसी कार्यक्रम में उनकी एकता देखते ही बनती थी। अब वे लोग आगे की योजना बना रहे थे। वृंदा प्रखर को ‘डेयर’ दे रही थी, “कल तू रोहित के फादर को ये स्पिट बॉक्स गिफ्ट करेगा।”
“नहीं, गिफ्ट नहीं करेगा, पीछे-पीछे लेकर चलेगा और जब-जब वे अपने मुँह का जूस बाहर निकालना चाहेंगे, तू ये बॉक्स हाज़िर कर देगा।” स्टेला ने संशोधन किया।
क्लास हँस-हँसकर दोहरी हुई जा रही थी।
दसवीं कक्षा के ये साथी… पता नहीं अगली क्लास में कौन साथ रहेगा, कौन छूट जाएगा। इसलिए इस साल तो हर पल मस्ती में काटा था सबने। इस बार टीचर्स डे पर ‘ट्रुथ एंड डेयर’ खेलते हुए मयंक को डेयर दी गई थी कि वह अनुराधा मैम के पैर छूकर आए।
“इसमें क्या बड़ी बात है,” वह लंबे डग भरता हुआ अनुराधा मैम के पास जाकर खड़ा हो गया। बच्चे क्लासरूम से बाहर झाँक रहे थे।
“येस, व्हाट डू यू वांट, मयंक?” हाथ में कई सारे गुलाब सँभाले अनुराधा मैम ठहर गईं। मयंक एक पल को ठिठका, क्लास की ओर तिरछी निगाह से देखा। कई आँखें चौकसी कर रही थीं।
“हैप्पी टीचर्स डे, मैम!” मयंक मैम के पैरों की तरफ झुक गया।
“गॉड ब्लेस यू, माय सन!” पचास वर्षीया अनुराधा मैम विह्वल हो गईं, “आई नो, तुम कितने होनहार स्टूडेंट हो। तुम हमारा नाम रोशन करोगे।”
“नहीं मैम, ये आपकी ग्रेटनेस है।” मयंक जल्दी से वहाँ से खिसक जाना चाहता था।
“यही तो मुश्किल है, मयंक। यू डोंट नो योरसेल्फ,” अनुराधा मैम ने अपने से लगभग दुगुने कद के मयंक के कंधे थपथपाने की कोशिश की, “तुम कमाल कर सकते हो, बिलीव मी…”
“मे बी विद योर ब्लेसिंग्स, मैम।” मयंक बाल खुजलाता हुआ वहाँ से भाग आया। फिर क्लास में सब जो हँस-हँसकर दोहरे हुए, उसका क्या कहना!
मगर आज उसे ‘ट्रुथ एंड डेयर’ का यह खेल कोई खुशी नहीं दे रहा था। क्लास के साथी रोहित के पापा की एक्टिंग उतार-उतारकर हँस रहे थे।
“मेरे किराए के पापा कैसे भी हों, आते तो हैं। पान चबाते, खैनी खाते ही सही, बोर्ड का रोल नंबर तो दिलवा देते हैं।” नाटकीय अंदाज़ में कहते-कहते रोहित संजीदा हो गया, “जोक्स अपार्ट… मेरे रियल पापा की तरह अपनी बिजनेस मीटिंग्स में मुझे इग्नोर तो नहीं कर देते।”
एक पल को क्लासरूम में सन्नाटा छा गया। पिछली मीटिंग में जब बोर्ड की परीक्षा के रोल नंबर दिए जाने थे, तब सभी के पेरेंट्स को स्कूल में बुलाया गया था। रोहित क्लास टीचर के पास जाकर गिड़गिड़ाया था, “मैम, मेरे फादर बाहर गए हैं, आउट ऑफ टाउन।”
“नो एक्सक्यूज़,” मैम चिल्लाई थीं, “बोर्ड के एग्ज़ाम में बैठना है तो अपने पापा को लेकर आओ।”
“नॉट पॉसिबल, मैम।” रोहित ने कबूल लिया।
“देन ब्रिंग योर मॉम।”
“शी इज़… शी इज़ वेरी बिज़ी।” शब्द रोहित के मुँह में ही रह गए थे। रोहित जानता था, कुछ भी कहना बेकार था।
अगले दिन सभी छात्रों के पापा-मम्मी आए थे। उन्होंने टीचर्स से परीक्षा के बारे में चर्चा की थी।
कई टीचर्स पेरेंट्स को समझा रहे थे, “बच्चे पर स्ट्रेस नहीं डालें, सैंपल पेपर्स के अनुसार ही तैयारी कराएँ। इन स्टूडेंट्स के साथ हमारे स्कूल की रेपुटेशन जुड़ी है। डोंट टेक इट लाइटली।”
बच्चे भी कुछ तनावग्रस्त महसूस करने लगे थे। मगर मयंक एक अलग ही तरह के तनाव से घिरा था। वह समझ नहीं पा रहा था कि क्या करे।
“वेयर इज़ योर फादर, मयंक?” अनुराधा मैम ने हैरानी से पूछा था।
“कुछ ज़रूरी काम आ गया, मैम।”
“ऐसा कौन-सा काम आ गया, जो उनके लिए बेटे के एग्ज़ाम्स से ज़्यादा इंपॉर्टेंट है?”
“बिजनेस मीटिंग…” मयंक का चेहरा मायूस हो गया था।
मैम थोड़ा पिघल गईं, “ओके, वी विल वेट फॉर हिम।”
सबके पेरेंट्स लगभग लौट चुके थे, बस मयंक और रोहित के पापा का कुछ पता नहीं था।
आखिर, मीटिंग का समय खत्म होने से कोई पाँच मिनट पहले रोहित बाहर से किसी व्यक्ति को पापा बनाकर ले आया और अनुराधा मैम के सामने पेश कर दिया। मैम ने परीक्षा के संबंध में कुछ खास टिप्स देते हुए रोहित को बोर्ड का रोल नंबर थमा दिया तो रोहित ने चैन की साँस ली।
बाहर निकलते ही उस व्यक्ति ने जेब से सिल्वर की एक छोटी-सी डिब्बी निकाली, चुटकी भर तंबाकू निकालकर बाईं हथेली पर रखा और अच्छे से रगड़कर उँगलियों से थपथपाया, फिर चुटकी भरकर मुँह में रख लिया। सभी साथियों में हलचल होने लगी। प्रखर और ऐरिक जान-बूझकर रोहित के सामने आ खड़े हुए।
“माय फादर,” दोस्तों से परिचय कराते हुए रोहित बाईं आँख दबाकर मुस्करा दिया।
अभी ऐरिक और प्रखर सोच ही रहे थे कि हाथ जोड़कर अभिवादन करें या हाथ मिलाकर कि रोहित के पापा ने मुँह घुमाकर दीवार पर रंगीन पिचकारी छोड़ी—फच्च!
“रोहित के पापा मिनिस्टर हैं, सच्ची! उसने हमें इंट्रोड्यूस कराया।” ऐरिक और प्रखर वापस अपनी मंडली में आ मिले थे और मज़े ले रहे थे।
खैर, रोहित को रोल नंबर तो मिल गया, मगर मयंक मायूस बैठा रहा। मीटिंग खत्म होने के बाद भी मयंक के पापा नहीं आए थे। मैम नाराज़ हो रही थीं—कैसे पेरेंट्स हैं, जिन्हें बच्चे के भविष्य की भी चिंता नहीं! मैम को मयंक से हमदर्दी थी, पर उसे रोल नंबर नहीं दिया गया। अगर कल भी उसके पापा नहीं आए तो संभवतः वह बोर्ड एग्ज़ाम ही न दे पाए। वह समझ नहीं पा रहा था कि एग्ज़ाम तो उसे देना है, फिर पापा का आना ज़रूरी कैसे हो गया? वह कुछ समझ नहीं पा रहा था कि क्या करे।
“कम ऑन मैकी, तू इतना वरी क्यों करता है,” ऐरिक ने उसके कंधे पर हाथ रख दिया।
“ये डरता है कि अगर इसके पापा कल भी नहीं आए तो यह एग्ज़ाम नहीं दे पाएगा।” स्टेला ने मयंक की तरफ से जवाब दिया।
“कंसल्ट मी…” रोहित की आँखों में चमक थी, “डॉक्टर रोहित अग्रवाल, हर मर्ज़ की दवा है मेरे पास।”
सभी साथियों ने रोहित को घेर लिया, लगे मिन्नतें करने, “यार, तू ही कुछ कर। इसे भी कोई मिनिस्टर पकड़ा दे। कहीं ऐसा न हो, हम एक प्यारा-सा साथी खो दें।”
“फिक्र नॉट, पापे! सौ-पचास रुपये में किराए का फादर तो अरेंज हो जाएगा, पर होगा कोई पान-बीड़ी ब्रांड ही।” रोहित ने भरोसा दिलाया, “बोल, है मंज़ूर?”
“डियर, तू अरेंज तो कर। हम तेरे पापा के लिए तैयार बॉक्स मयंक के पापा को गिफ्ट कर देंगे।” दोस्तों ने मयंक की ओर से हामी भरी, मगर मयंक खामोश बैठा रहा।
अगले दिन खूब गहमागहमी थी। स्कूल में जैसे मेला लगा था। बच्चों के पेरेंट्स अपने तय समय के मुताबिक आकर टीचर्स से मिल रहे थे, उनसे सफलता के मंत्र हासिल कर रहे थे। मुलाकात के बाद कैंटीन की तरफ रुककर कुछ खा-पीकर दूसरे अभिभावकों से चर्चा कर रहे थे। कैंटीन के बाहर, बीच कैंपस में स्कॉलैस्टिक बुक्स ने अपनी नई किताबों का मेला सजा रखा था। हर उम्र के बच्चों के लिए बेहद आकर्षक पुस्तकें थीं। बच्चे मचल रहे थे, “मम्मा प्लीज़, गेट मी रॉबिनहुड सीरीज़…”
कैंपस के दूसरे छोर पर रंग-बिरंगे फूलों का मेला सजा था। मेन गेट के नज़दीक हरी घास का लॉन था, जिसे सिर्फ देखकर मुग्ध हुआ जा सकता था। वहाँ बैठने की इजाज़त किसी को नहीं थी। चौड़े मेन गेट के दोनों तरफ साइकस के दो कीमती पेड़ थे। कहते हैं, द्वार पर साइकस का वृक्ष लगा हो तो भीतर खुशहाली आती है।
वैसे इस स्कूल में हर तरह से खुशहाली थी। खूबसूरत बिल्डिंग, सुविधासंपन्न पुस्तकालय और प्रयोगशाला, कंप्यूटर रूम, खेल का बड़ा मैदान, पारदर्शी प्लास्टिक की छत के नीचे प्रेयर कैंपस और सबसे अधिक आकर्षक—फर्राटेदार अंग्रेज़ी बोलते बच्चे…। जिस प्रकार दूध-घी की नदियाँ बहना वैभव का प्रतीक है, उसी प्रकार फर्राटेदार अंग्रेज़ी बोलना पढ़े-लिखे होने का प्रतीक समझा जाता है।
तभी, साइकस की नुकीली पत्तियों की ओट में एक रिक्शा रुका। सफेद कमीज़-पैंट में लगभग चालीस-बयालीस वर्ष की उम्र का एक व्यक्ति उतरा। सिर के बाल तेल के अनुशासन में थे। वह सधे हुए कदमों से मार्च पास्ट करता हुआ सीधा स्कूल के ऑफिस की तरफ बढ़ा। लगता था, जैसे कोई छात्र अभिभावक की भूमिका अदा कर रहा हो। उसने गार्ड से अस्पष्ट शब्दों में कुछ पूछा, “क्लास टेंथ… फॉर्म साइन…?”
गार्ड ने बाईं तरफ इशारा कर दिया।
“आप मेरे साथ चलें,” जाने कहाँ से मयंक अचानक आ खड़ा हुआ।
वह तेज कदमों से उसे स्टाफ रूम तक ले गया। फिर लगभग बिना मुँह खोले धीरे से बोल पड़ा, “खामख्वाह बहस मत कीजिएगा, बस चुपचाप साइन करके आ जाइएगा।”
“ऐसी क्या बात है बेटे, तुम्हारी बोर्ड की परीक्षा है, मुझे अध्यापक से बात करनी ही चाहिए।”
“पापा प्लीज़,” मयंक गिड़गिड़ा पड़ा, “आपकी बात समझने के लिए पहले यहाँ हिंदी वर्कशॉप लगानी पड़ेगी…। आप बस साइन कर आइए, मैं अपना साइंस-मैथ सब सुधार लूँगा… प्रॉमिस।”
बात कहीं सुई-सी चुभ गई, “इसी हिंदी वर्कशॉप की तनख्वाह से तुम्हें अंग्रेज़ी स्कूल में पढ़ा रहा हूँ, समझे।”
“सॉरी पापा, मैं आपको हर्ट नहीं करना चाहता, पर आप जितना कम बोलेंगे, हम दोनों के लिए उतना ही ठीक रहेगा।”
बहस थम गई। दोनों ने टीचर्स रूम में प्रवेश किया।
“…लेबोरियस स्टूडेंट, बट सम प्रॉब्लम, मिस्टर पांडे,” टीचर बातचीत करना चाहती थी, मगर पांडे साहब वचन से बँधे थे। सरकारी दफ्तर के हिंदी अधिकारी का बच्चा अंग्रेज़ी गमले में लगा दिया था, परेशानी तो थी। मस्तिष्क में फ्लैशबैक-सा चल रहा था, जब ड्रॉ में बच्चे का नाम पुकारा गया था, वे खुशी से भर उठे थे—अपने बेटे को अंग्रेज़ी स्कूल में पढ़ाऊँगा।
“प्लीज़ डिपॉज़िट ट्वेंटी-फाइव थाउज़ेंड रुपीज़ बाय टुमॉरो,” स्कूल ने फरमान सुनाया था। स्कूल की फीस जुटाना बहुत मुश्किल भी न था, वे इसके लिए पहले से तैयार थे। मगर स्कूल के वातावरण की और भी बहुत-सी माँगें थीं, जिनका उन्हें कतई अहसास नहीं था। हर साल का बिल्डिंग फंड, कभी फ्लड रिलीफ फंड तो कभी गरीब बच्चों के लिए डोनेशन। कभी-कभी तो लगता कि वे भी अपने बच्चे का नाम गरीब बच्चों वाले सेक्शन में लिखवा देते। मगर बच्चे का भी तो स्वाभिमान देखना था, उसकी रोज़ की पॉकेट मनी, कभी बर्थडे पार्टी का खर्चा, तो कभी बर्थडे गिफ्ट का। उन्होंने पार्टटाइम नौकरी शुरू कर दी।
“…अदरवाइज़, ही इज़ इंटेलिजेंट,” टीचर एकपक्षीय संवाद बोले जा रही थी। वे टीचर की बताई जगहों पर हस्ताक्षर करने लगे तो हाथ लड़खड़ा-से गए। अपने कार्यालय में हिंदी में हस्ताक्षर करने के लिए वे लंबे-लंबे भाषण देते हैं, मगर इस फॉर्म पर हिंदी में हस्ताक्षर करना अंगूठा छाप होने के बराबर था। उन्होंने बहुत सँभालकर अंग्रेज़ी में वी.पी. पांडे लिखकर उसे हौले से काट दिया और नीचे तारीख भर दी। अपने ज़माने के स्कूल टॉपर का आत्मविश्वास आज हस्ताक्षर करते हुए डगमगा रहा था।
वे कक्ष से बाहर निकल आए थे। मयंक आधे रास्ते तक उन्हें छोड़ आया, “मैं बाद में लौटूँगा, अभी मेरी एक्स्ट्रा क्लास है।”
वे गेट के बाहर निकलने लगे तो साइकस के बड़े पत्तों की नोक बाँह पर चुभ गई, जिसे हौले से सहलाते हुए वे रिक्शे पर बैठ गए।
“तुसी ग्रेट हो, प्राजी!” उनके जाते ही मयंक को साथियों ने घेर लिया।
“मुझे अपना फादर बदलना है यार,” रोहित ने मयंक के कंधे पर कोहनी टिका दी, “मुझे भी ऐसा ही पापा दिलवा दे, प्लीज़।”
“रियली, ही वाज़ सो जेंटल!” स्टेला हैरानी से कह रही थी।
“इतना लर्न्ड, इतना कल्चर्ड फादर तुझे मिला कहाँ से?” ऐरिक गंभीरता से पूछ रहा था।
हिंदी का आदमी लर्न्ड और कल्चर्ड… मयंक अपने दोस्तों के कमेंट्स से हैरान था। कहीं ये मज़ाक तो नहीं कर रहे? वह कुछ समझ नहीं पा रहा था, बस सिर झुकाए खड़ा रहा।
