ग़ज़ल : नासिर काज़मी

दुख की लहर ने छेड़ा होगा
याद ने कंकर फेंका होगा
आज तो मेरा दिल कहता है
तू इस वक़्त अकेला होगा
मेरे चूमे हुए हाथों से
औरों को ख़त लिखता होगा
भीग चलीं अब रात की पलकें
तू अब थक कर सोया होगा
ज़र्द खजूरों के जंगल में
नूर का दरिया बहता होगा
रेल की गहरी सीटी सुन कर
रात का जंगल गूँजा होगा
शहर के सूने इस्टेशन पर
कोई मुसाफ़िर उतरा होगा
लम्बी बल खाती गलियों में
इक साया सा फिरता होगा
आँगन में फिर चिड़ियाँ बोलीं
तू अब सो कर उट्ठा होगा
बाल झटकते आँखें मलते
घर का दरीचा खोला होगा
यादों की जलती शबनम से
फूल सा चेहरा धोता होगा
मोती जैसी शक्ल बना कर
आईने को तकता होगा
दरवाज़े पर दस्तक सुन कर
तू किस नाज़ से पहुँचा होगा
मैं न सही कोई मुझ सा पागल
तुझ को बुलाने आया होगा
ध्यान में तुझ को देख रहा हूँ
तू अब घर से निकला होगा
बस्ती के मिलने वालों से
क्या क्या बातें करता होगा
मैं ने जिन्हें कभी मुँह न लगाया
तू अब उन से मिलता होगा
शाम हुई अब तू भी शायद
अपने घर को लौटा होगा
शाम के चलते हाथ ने तुझ को
मेरा सलाम तो भेजा होगा
प्यासी कुर्लाती कूंजों ने
मेरा दुख तो सुनाया होगा
मेरा साथी शाम का तारा
तुझ से आँख मिलाता होगा
नीली धुंदली ख़ामोशी में
तारों की धुन सुनता होगा
मैं तो आज बहुत रोया हूँ
तू भी शायद रोया होगा
‘नासिर’ तेरा मीत पुराना
तुझ को याद तो आता होगा
*****************
