दिन विशेष कथेतर : “गुस्से का कारण और निवारण” – डॉ. संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी

गुस्सा एक स्वाभाविक मानवीय भाव है। प्रेम, ईर्ष्या, द्वेष, लोभ आदि अन्य भावनाओं की तरह क्रोध भी एक मानवीय भावना है। मनुष्य भावनाओं से शक्ति प्राप्त करता है, तो भावनाओं को उसकी कमजोरी भी माना जाता है। देश, काल और परिस्थितियों पर निर्भर करता है कि कौन-सा भाव कब नकारात्मक और कब सकारात्मक सिद्ध होगा। क्रोध को प्रमुखतः नकारात्मक भावों में ही गिना जाता है। गीता में कहा गया है—
क्रोधात् भवति सम्मोहः संमोहात्स्मृतिविभ्रमः।
स्मृतिभ्रंशाद् बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति॥
(अर्थात् क्रोध से भ्रम उत्पन्न होता है, जिससे सही-गलत की पहचान नहीं रहती। भ्रम के कारण स्मृति अर्थात् संस्कार नष्ट हो जाते हैं और व्यक्ति यह भूल जाता है कि उसका कर्तव्य क्या है। स्मृति भ्रमित हो जाने के कारण बुद्धि का नाश हो जाता है और बुद्धि का नाश हो जाने पर मनुष्य का पतन हो जाता है। अर्थात् सामाजिक, नैतिक और आध्यात्मिक जीवन में उसका स्थान नहीं रह जाता।)
गीता एक प्रामाणिक और सर्वाधिक स्वीकृत ग्रंथ है। क्रोधरहित व्यवहार निःसंदेह एक आदर्श और सर्वप्रिय आचरण है। किंतु क्रोध को पूरी तरह समाप्त करना भी संभव नहीं है और कुछ चयनित परिस्थितियों में यह आवश्यक भी होता है। गुस्सा सदैव बुरा नहीं होता, परंतु अंधा गुस्सा बुरा होता है। जब गुस्सा हमारी बुद्धि पर हावी हो जाता है, तभी सारी समस्याएँ जन्म लेती हैं। यह सर्वाधिक स्वीकृत अवधारणा है, किंतु दुष्टों के दमन के लिए क्रोध आवश्यक भी है।
बुद्धि द्वारा नियंत्रित क्रोध व्यक्ति और समाज के लिए सकारात्मक है तथा दुष्टता पर नियंत्रण के लिए आवश्यक भी है। अंधा गुस्सा व्यक्ति और समष्टि, दोनों के लिए हानिकारक सिद्ध होता है। क्रोध बुद्धि द्वारा नियंत्रित हो, तो न केवल सकारात्मक होता है, बल्कि व्यक्ति और समाज के हित में भी होता है। भलाई के प्रसार तथा बुराई और दुष्टता पर नियंत्रण के लिए संयमित एवं नियोजित क्रोध आवश्यक है। अंधा गुस्सा अनियंत्रित होने के कारण व्यक्ति और समाज, दोनों के लिए विनाशकारी एवं खतरनाक होता है, जबकि सचेतन क्रोध एक अनिवार्य आवश्यकता है।
गुस्से के मुख्य कारण
कारण और कार्य के सिद्धांत के अनुसार प्रत्येक कार्य का कोई-न-कोई कारण होता है। उसी प्रकार क्रोध के भी कुछ कारण होते हैं। आइए, इन पर विचार करें—

  1. जैविक कारण: थकान, भूख, नींद की कमी और हार्मोनल असंतुलन से सहनशक्ति घट जाती है। मूलभूत आवश्यकताओं का अभाव हमें चिड़चिड़ा बना देता है। ऐसी स्थिति में छोटे-छोटे और नगण्य कारण भी क्रोध का आधार बन सकते हैं।
  2. मनोवैज्ञानिक कारण: क्रोध मन की उपज है। यह एक नकारात्मक भावना है। अपमान का भय, अपेक्षाओं का टूटना, बचपन के संस्कार और हीन भावना आदि इसके प्रभावशाली उत्प्रेरक हो सकते हैं। कई बार ये कारण अवास्तविक भी हो सकते हैं।
  3. सामाजिक कारण: मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। वह अपने जैसे अन्य लोगों के बीच रहता है। दूसरों से तुलना, अत्यधिक प्रतिस्पर्धा, आर्थिक दबाव और अनादर आदि उसके क्रोध के कारण बन सकते हैं। आत्मजागरूक व्यक्ति इनसे बचने के प्रयास भी करता है।
  4. तंत्रिकीय कारण—एमिग्डाला हाईजैक: यह सबसे महत्त्वपूर्ण कारण है। हमारे मस्तिष्क में दो मुख्य घटक हैं—एमिग्डाला, जो हमारा अलार्म सिस्टम है और भावनाओं से जुड़ा हुआ है, तथा नियोकॉर्टेक्स, जो मस्तिष्क का वह भाग है जिसे तर्क का केंद्र माना जाता है।
    सामान्य स्थिति में सूचना पहले नियोकॉर्टेक्स में जाती है, लेकिन तीव्र क्रोध या भय की स्थिति में सूचना एक शॉर्टकट लेकर सीधे एमिग्डाला तक पहुँच जाती है। एमिग्डाला को यह सूचना तर्क करने वाले मस्तिष्क की तुलना में कुछ मिलीसेकंड पहले मिल जाती है। वह तुरंत इसे खतरा मानकर शरीर में एड्रेनालाईन और कोर्टिसोल जैसे हार्मोन का स्राव बढ़ा देता है तथा तार्किक सोचने की क्षमता प्रभावित हो जाती है। यही स्थिति एमिग्डाला हाईजैक कहलाती है।
    प्राचीन काल में यह व्यवस्था हमें जंगली जानवरों से बचाती थी। आज किसी का कड़वा वाक्य या बॉस की डाँट भी इसी प्रकार की प्रतिक्रिया उत्पन्न कर सकती है। ऐसी स्थिति में हमारा अपने ऊपर नियंत्रण कम हो जाता है। हम समय और स्थान का ध्यान रखे बिना चिल्लाने, चीखने, तोड़फोड़ करने, अपशब्द कहने, यहाँ तक कि मारपीट या हत्या तक कर बैठते हैं। 15–20 मिनट बाद, जब शरीर में तनाव पैदा करने वाले रासायनिक प्रभाव कम होने लगते हैं और नियोकॉर्टेक्स की सक्रियता सामान्य होने लगती है, तब केवल पछतावा शेष रह जाता है—
    “मैंने यह क्या कह दिया? या क्या कर दिया?”
    क्रोध का परिणाम सदैव पछतावा ही हो, यह आवश्यक नहीं है। कुछ सीमित परिस्थितियों में यदि हम संयमित, नियंत्रित और नियोजित क्रोध के माध्यम से दुष्टता तथा बुराई को कम करते हैं, तो उसके सकारात्मक एवं उपयोगी परिणामों के कारण हमें अपने परिवार, समुदाय और समाज से प्रशंसा भी मिल सकती है। इस प्रकार क्रोध हमें सराहना का पात्र भी बना सकता है।
    गुस्से का निवारण—योग और विज्ञान का संगम
    गुस्से से बचा जा सकता है और इसका निवारण भी किया जा सकता है। बचाव और निवारण संभव तो हैं, किंतु सरल नहीं। गुस्से का निवारण कठिन इसलिए है, क्योंकि उस क्षण मस्तिष्क पर हमारा नियंत्रण कम हो जाता है। अतः मस्तिष्क को सामान्य स्थिति में लौटने और सही ढंग से कार्य करने के लिए समय देना आवश्यक है। इसके लिए लगातार सचेत एवं प्रयत्नशील रहने की आवश्यकता होती है।
  5. तत्काल उपाय (जब एमिग्डाला हाईजैक हो रहा हो)
    क. 6 सेकंड का नियम: सामान्यतः माना जाता है कि तीव्र भावनात्मक प्रतिक्रिया के दौरान स्वयं को संभालने के लिए कुछ क्षणों का विराम उपयोगी होता है। इसलिए प्रतिक्रिया देने से पहले मन में 1 से 6 तक गिनें, लंबी साँस लें और पानी पिएँ।
    ख. भावना को समझें: अपने अंदर जन्म ले रही भावना को स्वीकार करें और मन में कहें—”मुझे इस समय बहुत क्रोध आ रहा है।” भावना को पहचानकर उसका नाम देने से मस्तिष्क के तर्कसंगत भाग की सक्रियता बढ़ाने में सहायता मिल सकती है और भावनात्मक प्रतिक्रिया को नियंत्रित करना आसान हो सकता है। क्रोध की स्थिति में कोई भी निर्णय लेने या प्रतिक्रिया देने की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए स्थगित कर दें।
    ग. गहरी साँस: नाक से चार सेकंड तक साँस लें, छह सेकंड तक रोकें और आठ सेकंड में धीरे-धीरे छोड़ें। यह पूरक, कुंभक और रेचक की प्रक्रिया से संबंधित श्वसन अभ्यास है। इससे शरीर की विश्राम प्रतिक्रिया सक्रिय करने में सहायता मिलती है और भावनात्मक उत्तेजना कम हो सकती है।
  6. दीर्घकालीन उपाय (जड़ से निवारण)
    क. योग को जीवनशैली बनाएँ: यम और नियम के प्रति जागरूकता धैर्य, सहनशीलता और विवेक का विकास करके आपको संयमी बनाती है। योगिक जीवनशैली हमें सचेत अवस्था में रहने का अभ्यास कराती है, जिसके कारण क्रोध से बचाव और उसका निवारण संभव हो सकता है।
    ख. आसन-प्राणायाम: आसन और प्राणायाम आपको स्थिर रहने में सक्षम बनाते हैं। नियमित सूर्यनमस्कार, शीर्षासन और शवासन का अभ्यास शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है। प्रतिदिन दस मिनट तक अपनी श्वास पर ध्यान देना मन को शांत और स्थिर बनाने में मदद करता है।
    ग. दिनचर्या में सुधार: पर्याप्त और गहरी नींद, समय पर भोजन तथा प्रातःकालीन व्यायाम—ये तीनों तनाव को कम रखने और आत्मनियंत्रण बढ़ाने में सहायक होते हैं।
    घ. दृष्टिकोण में परिवर्तन: “सामने वाला व्यक्ति दुष्ट नहीं, बल्कि दुखी है।” यह एक वाक्य गुस्से की दिशा बदल सकता है। हम सामने वाले की कठिनाइयों और पीड़ा को समझकर उस पर क्रोध करने के बजाय उसके प्रति दया, करुणा और सहयोग की भावना रख सकते हैं।
    निष्कर्ष
    निष्कर्षतः हमें समझना होगा कि गुस्से को दबाना नहीं, बल्कि स्वीकार करना और समझना है। एमिग्डाला हाईजैक की अवधारणा हमें बताती है कि क्रोध केवल चरित्र-दोष नहीं, बल्कि एक तंत्रिका-रासायनिक प्रक्रिया से भी जुड़ा हुआ है। जैसे ही हम कुछ क्षण रुकना, अपनी भावना को पहचानना और गहरी साँस लेना सीख लेते हैं, हम अपने मस्तिष्क के मालिक बन सकते हैं, उसके गुलाम नहीं।
    मेरे विचार में इस आलेख का दार्शनिक आधार यह है—
    “गुस्सा करना बुरा नहीं है, बशर्ते हमें पता हो कि गुस्सा कब करना है, किस कारण करना है, कितनी मात्रा में करना है और उसे कैसे तथा किसके ऊपर व्यक्त करना है।”
    ऐसी स्थिति में गुस्सा सकारात्मक और समाजोपयोगी सिद्ध हो सकता है।
    जो व्यक्ति अपने क्रोध के पहले 6 सेकंड को जीत लेता है, वह पूरे जीवन को जीत लेता है। अपने आपको जीत लेने से बड़ी कोई जीत नहीं। इससे हम अपने मस्तिष्क के मालिक बन जाते हैं, उसके गुलाम नहीं रहते।

**********************

लेखक परिचय :

प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, कालेवाला, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद-244601 (उत्तर प्रदेश) चलवार्ता 09996388169, ई-मेलः santoshgaurrashtrapremi@gmail.com,
बेब ठिकाना www.rashtrapremi.com, www.rashtrapremi.in, ww.rashtrapremi.webpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »