दिन विशेष व्यंग्य : “कवि हिंदबंधु की चैट यात्रा” – धर्मपाल महेंद्र जैन

Dharmpal mahendr jain

कवि हिंदबंधु से एक महीने पहले एक गोष्ठी में मुलाकात हुई थी। उनके अनुसार वे विश्वविख्यात कवि थे, बस मैं अकिंचन ही उनकी ख्याति से अपरिचित था। उन्होंने तालियाँ पीट-पीटकर मुझे दाद दी तो वे पहले ही दिन मेरे करीबी मित्र बन गए और मैं उन्हें विश्वकवि मानने लगा। सवेरे व्हाट्सऐप पर उनके संदेश आते और शाम को फोन आ जाता। मैं फोन नहीं उठाता तो वे खुद आ जाते। इस अनुभव के बाद मैं उनका फोन पहली घंटी में ही उठाने लगा। वे चाटने और चैट के शौकीन थे। उनकी ओर से शुरू की गई एकतरफा चैट यात्रा इस तरह रही।

1 सितंबर – मेरी किताब छपने जा रही है। कम-से-कम करते हुए भी तीन सौ श्रेष्ठ कविताएँ रह गई हैं। आपको इनमें से छाँटकर नब्बे कविताएँ निकालनी हैं। सारी कविताएँ अति उत्तम हैं, पर पाठक को क्या श्रेष्ठ लगेगा, आप ज्यादा समझते हैं। मैं आपके विवेक का कायल हूँ, उसका कुछ हिस्सा मुझे देकर अनुगृहीत करें। आपके नाम का मैं भूमिका में सादर उल्लेख करूँगा। आपको कुछ जगह भाषादोष, मात्रादोष और व्याकरणदोष मिलें तो आप इन्हें अनदेखा कर सकते हैं। प्रकाशक ने विश्वास दिलाया है कि उनके संपादक मेरी पांडुलिपि को संपादित करने का दुस्साहस नहीं करेंगे। और मेरे पाठक मेरे अपने ही हैं, वे संकेतों में ही समझ जाते हैं, फिर यह तो छपा हुआ होगा।

5 सितंबर – हमने किताब के लिए छह नाम चुने हैं। एक मैंने, तीन पत्नीजी ने और दो बिटिया ने। बड़े पशोपेश में हूँ। जैसा कि आप जानते हैं, मैं पेशेवर कवि हूँ, बाकी परिजन मेरे पाठक हैं। उन्होंने बिन माँगे मदद दे दी तो लेनी पड़ी। अब आप बताइए, आपको और भाभीजी को कौन-से दो-तीन नाम अच्छे लगते हैं, ताकि हम फाइनल कर सकें। ये कविताएँ हैं, इसलिए किताब का नाम शोख और चंचल हो।

16 सितंबर – प्रकाशक ने तीन कवर भेजे हैं। इनमें से एक ब्लैक एंड व्हाइट है, एक ईस्टमैन कलर है और एक रंगहीन है। मुझे तो तीनों कवर बढ़िया लगे, किंतु प्रकाशक कहता है कि किताब पर एक ही कवर लगेगा। अब आप बताइए। मान लीजिए, आपको यह किताब खरीदनी हो, तो आप कौन-सा मुखपृष्ठ पसंद करेंगे? मुखपृष्ठ देखकर किताब का आकलन करने की परंपरा अब दृढ़ हो गई है।

1 अक्टूबर – आपके निरंतर सहयोग और शुभकामनाओं के कारण मेरी निन्यानवीं किताब छपकर आने वाली है। अगले महीने की पहली तारीख को हमारे यहाँ “पॉटलक” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आप सपरिवार, इष्ट-मित्रों सहित आमंत्रित हैं। पॉटलक में मेहमान अपने घर से स्वादिष्ट डिश लेकर आते हैं, जिसे अन्य मेहमान भी चखते हैं। प्रति परिवार एक पुस्तक भेंट किए जाने का विनम्र प्रस्ताव है। यदि आप इस किताब पर बोलना चाहें तो वहीं पर विमोचन कर सकते हैं।

20 अक्टूबर – एक नवंबर को “पॉटलक कम विमोचन समारोह” आयोजित कर रहे हैं। अपनी डिश जरूर लाएँ। जिसकी डिश सर्वाधिक पसंद की जाएगी, उसे सम्मानित किया जाएगा। समारोह की झलकियाँ मेरे यूट्यूब पर प्रसारित की जाएँगी, इसलिए सज-धजकर आएँ। इसकी रिपोर्ट साप्ताहिक ढिंढोरा में प्रकाशित होने की भी संभावना है।

1 नवंबर – “स्वर्ण काल की कविताएँ” शीर्षक से आए मेरे निन्यानवें कविता-संग्रह का पहला संस्करण पाँच दिन में खत्म हो गया। नब्बे प्रतियाँ तो विमोचन समारोह में ही खप गई थीं। शेष (दस) प्रतियाँ गुम हो गईं। प्रकाशक अति उत्साहित है और अब अधिक प्रतियों का दूसरा संस्करण मैदान में ला रहा है। आप नोट करें कि चालीस प्रतिशत कमीशन की व्यवस्था है।

2 नवंबर – आपको जानकर प्रसन्नता होगी कि “स्वर्ण काल की कविताएँ” किताब का नामांकन प्रस्ताव साहित्य अकादमी को भेजा गया है। साप्ताहिक ढिंढोरा के साहित्यिक पृष्ठ पर इसके प्रधान संपादक ने स्वयं ही इसकी समीक्षा लिखकर इसे समकालीन कविता का अनूठा संकलन घोषित किया है।

4 नवंबर – हमारे चिरंजीव ने अपने बारहवें जन्मदिन पर इस किताब का बारह भाषाओं में अनुवाद किया है। ये अनुवाद गूगल ट्रांसलेट की जाँच में सौ प्रतिशत सही पाए गए हैं। आपने इस कविता-संकलन को प्रसिद्ध और कालजयी बना दिया। प्रकाशक ने वादा किया है कि वे सभी भाषाओं के संस्करणों पर अस्सी प्रतिशत कमीशन देंगे। आपको जन्मदिन, विवाह, विवाह की वर्षगाँठ, गृहप्रवेश, मांगलिक पूजन आदि शुभ अवसरों पर प्रियजनों को भेंट देनी हो तो यह श्रेष्ठ उपहार है। एक्सपोर्ट क्वालिटी पैकिंग के साथ, आपको बहुत सस्ता पड़ेगा और बहुत महँगा दिखेगा।

5 नवंबर – मेरी सौवीं किताब के बारे में आपसे…

मैं आगे नहीं पढ़ पाया। पहले कवि हिंदबंधु को ब्लॉक किया, फिर चैट को डिलीट कर दिया।

*************************

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate This Website »