
-आशा बर्मन, कनाडा
मन की आँखे
मन की आँखे खोल रे बन्दे,
अपने मन को तोल रे बन्दे,
बोल प्यार के बोल रे बन्दे,
भर मन में झनकार।
बोलो, प्यार प्यार प्यार ।।१।।
याद करो जब तुम थे बच्चे,
सरलहृदय थे, तुम थे सच्चे,
बंद किया कपाट ह्रदय का ,
खोलो मन का द्वार।
बोलो, प्यार प्यार प्यार ।।2।।
देश-विदेश में कितनी भाषा,
धर्मों की कितनी परिभाषा।
ढाई आखर प्रेम समझ लो,
जो धर्मों का सार।
बोलो, प्यार प्यार प्यार ।।३।।
क्यों करते हो सबसे झगड़ा?
झूठम़ूठ का है ये रगड़ा,
भेदभाव को भूलभाल ,
छोड़ो सारी तकरार।
बोलो प्यार प्यार प्यार ।।४।।
रंग -बिरंगे फूल खिले हैं,
गुलदस्ते में खूब सजे हैं।
हम सब मिल सारे जग को
बना लें इक परिवार।
बोलो प्यार प्यार प्यार ।।५।।
शान्ति, अमन और भाईचारा,
यदि हो, तो संसार तुम्हारा,
जैसा तुम दूजों से चाहो,
वैसा हो व्यवहार।
बोलो प्यार प्यार प्यार ।।६।।
***** ***** *****